home page

खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा रुकी, आस्था बरकरार-लखनपुर में भक्ति का रंग चढ़ा

 | 
खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा रुकी, आस्था बरकरार-लखनपुर में भक्ति का रंग चढ़ा


कठुआ, 19 जुलाई (हि.स.)। खराब मौसम के कारण श्री अमरनाथ जी यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है जिसके चलते लखनपुर स्थित यात्री सुविधा केंद्र (कॉरिडोर) में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ठहर गई है। हालांकि यात्रा रुकने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है बल्कि वे भजन-कीर्तन कर भक्ति और उत्साह के साथ समय व्यतीत कर रहे हैं।

गुजरात से आए श्रद्धालु लखनपुर यात्री सुविधा केंद्र में ठहरे हुए हैं और भजनों के माध्यम से माहौल को भक्तिमय बनाए हुए हैं। वहीं दिल्ली से आए श्रद्धालुओं के एक समूह ने जिला प्रशासन कठुआ द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रबंधों की सराहना की। उन्होंने भोजन, स्वच्छ पेयजल, ठहरने की व्यवस्था, शौचालय, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा प्रबंधों को संतोषजनक बताया। श्रद्धालुओं ने कहा कि विपरीत मौसम के बावजूद प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं बेहद सराहनीय हैं। उन्होंने अन्य यात्रियों से भी अपील की कि वे केंद्र में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

इसी तरह जयपुर (राजस्थान) से आए यात्रियों ने भी लखनपुर कॉरिडोर में उपलब्ध सुविधाओं और प्रशासनिक प्रबंधन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यात्रा भले ही मौसम के कारण रुकी हो लेकिन यहां मिलने वाली सुविधाओं और आतिथ्य से उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। इस दौरान कॉरिडोर में बड़ी संख्या में वाहनों के रुकने से यातायात भी प्रभावित हुआ है लेकिन श्रद्धालु धैर्य और अनुशासन के साथ स्थिति का सामना कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और मौसम में सुधार होते ही यात्रा को पुनः शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया