home page

एनसी के साथ गठबंधन कांग्रेस को लोगों के मुद्दे उठाने से नहीं रोकेगा : कर्रा

 | 

श्रीनगर, 20 सितंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के अध्यक्ष और विधायक तारिक हमीद कर्रा ने रविवार को कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के साथ गठबंधन में होने के बावजूद कांग्रेस विधानसभा में लोगों की जायज़ चिंताओं को उठाती रहेगी।

आगामी विधानसभा सत्र से पहले कांग्रेस विधायकों की बैठक के बाद श्रीनगर में पत्रकारों से बात करते हुए कर्रा ने कहा कि हम नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ गठबंधन में हैं लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम जनता से जुड़े मुद्दे नहीं उठाएंगे। हम जायज़ चिंताओं को उठाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उन पर तेज़ी से कार्रवाई हो।

उन्होंने कहा कि विधानसभा का मकसद सवाल उठाना और यह सुनिश्चित करना है कि लोगों से जुड़े मुद्दों का जल्द से जल्द समाधान हो चाहे वे मुद्दे सत्ताधारी पार्टी के सदस्यों ने उठाए हों या विपक्ष के सदस्यों ने। उन्होंने कहा कि विधानसभा का मकसद यह है कि काम जल्द से जल्द हो। इसके लिए हर कोई सवाल उठाता है, चाहे वह सत्ताधारी पार्टी का हो या विपक्षी पार्टी का। कर्रा ने बताया कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक आगामी विधानसभा सत्र पर चर्चा के लिए बुलाई गई थी।

वंदे मातरम और यूपीआई जैसे मुद्दों पर एनसी के साथ कांग्रेस के हालिया मतभेदों के बारे में पूछे जाने पर कर्रा ने कहा कि पार्टी के रुख को एनसी के साथ उसके गठबंधन के व्यापक संदर्भ में देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप इसे बहुत संकीर्ण नज़रिए से देख रहे हैं। हम गठबंधन में हैं और हमारा रुख सिद्धांतों पर आधारित है। हमने व्यापक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए सिद्धांतों के आधार पर यह गठबंधन किया है।

उन्होंने कहा कि गठबंधन कांग्रेस को जनता से जुड़े मुद्दे उठाने से नहीं रोकेगा। कर्रा ने कहा कि गठबंधन में होने का मतलब यह नहीं है कि हम लोगों के मुद्दे नहीं उठाएंगे। गठबंधन में होने का मतलब यह नहीं है कि हम लोगों की जायज़ मांगों पर बात नहीं करेंगे। इसलिए इन दोनों बातों का आपस में कोई संबंध नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह