home page

एसीबी के जाल में फंसा कृषि विभाग का डिप्टी डायरेक्टर, 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

 | 
एसीबी के जाल में फंसा कृषि विभाग का डिप्टी डायरेक्टर, 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


श्रीनगर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो श्रीनगर ने रिश्वतखोरी के मामले में कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर और उसके कथित सहयोगी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।

एसीबी के अनुसार उसे एक बीज विक्रेता की ओर से लिखित शिकायत मिली थी कि आरोपी सरकारी कर्मचारी नसीर अहमद खान डिप्टी डायरेक्टर एग्रीकल्चर लॉ एनफोर्समेंट ने दुकान पर बीज बेचने की अनुमति देने के एवज में दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता पहले ही एक लाख रुपये दे चुका था जबकि शेष रकम 50-50 हजार रुपये की दो किश्तों में देने की बात तय हुई थी। शिकायत के सत्यापन में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद एसीबी थाना श्रीनगर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 7ए और बीएनएस की धारा 61(2) के तहत एफआईआर संख्या 16ध्2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसके बाद 30 सितंबर को एसीबी ने ट्रैप टीम गठित की। कार्रवाई के दौरान नसीर अहमद खान को उसके कथित सहयोगी मोहम्मद ओवैस भट निवासी कमरवाड़ी श्रीनगर के साथ शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया। दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया और रिश्वत की रकम बरामद की गई। एसीबी के अनुसार दोनों आरोपियों की चिकित्सकीय-कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें सुरक्षित हिरासत के लिए थाना शहीदगंज, श्रीनगर में रखा गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया