home page

सीमा क्षेत्रों की समस्याओं पर प्रशासन सख्त, बीओपी मनयारी में जनसुनवाई शिविर आयोजित

 | 
सीमा क्षेत्रों की समस्याओं पर प्रशासन सख्त, बीओपी मनयारी में जनसुनवाई शिविर आयोजित


कठुआ, 30 मार्च (हि.स.)। कठुआ प्रशासन ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों के लोगों की समस्याएं सुनने के लिए बीओपी मनयारी में जनसुनवाई शिविर आयोजित किया। शिविर में हीरानगर के विधायक विजय कुमार, उपायुक्त राजेश शर्मा और बीएसएफ डीआईजी विधुर भारद्वाज सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में सीमा पर रहने वाले किसानों और भूमि मालिकों ने मुआवजे और किराए के लंबित मामलों को प्रमुखता से उठाया। लोगों ने बंकर निर्माण, डिच-कम-बंड और फेंसिंग जोन (44 फीट और 135 फीट) में उपयोग की गई जमीन का उचित मुआवजा देने की मांग की। इसके अलावा तालाबों के पुनर्जीवन, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की स्थापना, ट्यूबवेल लगाने, वाटरशेड योजनाओं के विस्तार और बाढ़ से प्रभावित नालों के सुधार जैसे मुद्दे भी चर्चा में रहे। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि उठाए गए सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष रखा जाएगा। वहीं बीएसएफ अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया कि मुआवजे और किराए से जुड़े मामलों को जल्द हल कराने के लिए उच्च स्तर पर उठाया जाएगा। इस दौरान कई विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया