home page

दो लाख मीट्रिक टन लावारिस खनिज सामग्री पर कार्रवाई, दो क्रशरों से 27 लाख वसूले

 | 
दो लाख मीट्रिक टन लावारिस खनिज सामग्री पर कार्रवाई, दो क्रशरों से 27 लाख वसूले


कठुआ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में जिला खनिज अधिकारी कठुआ वरिंदर सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने हाल ही में तरफ तजवाल क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान करीब दो लाख मीट्रिक टन अवैध रूप से निकाली गई तथा लावारिस पड़ी लघु खनिज सामग्री की पहचान की।

जिला प्रशासन कठुआ की मंजूरी के बाद मौके पर पड़ी इस लावारिस खनिज सामग्री के निपटान का निर्णय लिया गया। विभाग के अनुसार सामग्री के लावारिस पड़े रहने के कारण इसके अवैध रूप से उठाए जाने की आशंका थी। इसी को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार इसके निपटान की प्रक्रिया शुरू की गई। इस संबंध में सार्वजनिक सूचना प्रकाशित होने के बाद दो स्टोन क्रशर संचालकों ने मौके पर पड़ी कुछ खनिज सामग्री पर अपना दावा पेश किया। इसके चलते खनिज विभाग ने संबंधित क्रशरों से नियमों के तहत 27 लाख रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए। विभाग की इस कार्रवाई को जिले में अवैध खनन पर नियंत्रण और खनिज संसाधनों के नियमन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिला खनिज अधिकारी वरिंदर सिंह के नेतृत्व में विभाग द्वारा अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ निरीक्षण एवं कार्रवाई जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया