मौसम विभाग के अनुसार जम्मू में दिन भर मौसम शुष्क और सुखद रहने की उम्मीद
जम्मू, 28 फ़रवरी (हि.स.)।
जम्मू शहर में आज सुबह मौसम सामान्य बना रहा। आसमान साफ रहा और ठंडी हवाओं ने सुबह के समय में ठंडक बरकरार रखी। लोग खुले में घूमते और मौसम का आनंद लेते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू में दिन भर मौसम शुष्क और सुखद रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जम्मू में आज अधिकतम तापमान 27-28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है जबकि न्यूनतम तापमान 13-14 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।
वहीं कश्मीर घाटी में मौसम थोड़ा अलग रहेगा। श्रीनगर जैसे मैदानी इलाकों में मुख्य रूप से शुष्क मौसम रहेगा लेकिन ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों जैसे गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग और कुछ अन्य जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह गतिविधि हो सकती है।
मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी है खासकर यात्रियों और स्थानीय निवासियों को क्योंकि बर्फबारी से सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम 3-5 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। किसानों के लिए अच्छी खबर है कि जम्मू में सामान्य मौसम के कारण कृषि गतिविधियां बिना किसी रुकावट के जारी रखी जा सकती हैं। विभाग ने मार्च महीने की शुरुआत में कश्मीर के ऊंचे इलाकों में फिर से हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

