रिश्वत मामले में पीडब्लूडी कर्मचारी के खिलाफ एसीबी की चार्जशीट पेश
जम्मू, 27 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर एंटी करप्शन ब्यूरो ने गांदरबल में तैनात पीडब्लूडी (आर एण्ड बी) के तत्कालीन कंप्यूटर ऑपरेटर रफीक अहमद शेख के खिलाफ रिश्वतखोरी के मामले में चार्जशीट पेश की है। यह चार्जशीट श्रीनगर की अतिरिक्त विशेष भ्रष्टाचार निरोधक अदालत में दाखिल की गई।
एसीबी के अनुसार आरोपी ने ठेकेदार का डी-क्लास कार्ड जारी करने के बदले ₹4,000 की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद ट्रैप लगाया गया जिसमें आरोपी को रंगे हाथों रिश्वत लेते पकड़ा गया। मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद की गई और रासायनिक जांच में आरोपी के हाथों पर फिनॉल्फ्थेलीन के निशान की पुष्टि हुई। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत अपराध सिद्ध होने पर जांच पूरी कर चार्जशीट अदालत में पेश की गई है। अगली सुनवाई 10 जून 2026 को निर्धारित की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

