home page

एसीबी ने जम्मू में 70,000 की रिश्वत लेते हुए पटवारी और उसके साथी को किया गिरफ्तार

 | 

जम्मू, 30 जून (हि.स.)। एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को कहा कि उसने जम्मू में दो रेवेन्यू एक्सट्रैक्ट (फर्द) जारी करने के लिए 70,000 की रिश्वत मांगते और लेते हुए रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद एक पटवारी और उसके साथी को गिरफ्तार किया है।

जारी एक बयान में प्रवक्ता ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में, एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) जम्मू-कश्मीर ने आज पटवार हल्का गोले के पटवारी शशि कुमार और उनके सहायक हरकीरत सिंह को 70,000 की रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में जाल बिछाकर गिरफ्तार किया।

उन्होंने कहा कि एसीबी को एक लिखित शिकायत मिली थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने दो फर्द (रेवेन्यू एक्सट्रैक्ट) जारी करने के लिए शिकायतकर्ता से अवैध रूप से 70,000 की मांग की थी। रिश्वत न देने की इच्छा के कारण, शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया और आरोपी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

प्रवक्ता ने कहा, शिकायत के बाद एसीबी ने गुप्त रूप से जांच की जिससे रिश्वतखोरी का प्रथम दृष्टया मामला स्थापित हुआ। इसके अनुसार पुलिस स्टेशन एसीबी सेंट्रल जम्मू में प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट 1988 की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत एफआईआर नंबर 08/2026 दर्ज की गई और जांच शुरू की गई।

उन्होंने कहा कि जांच के दौरान एसीबी ने एक ट्रैप टीम बनाई जिसने सफलतापूर्वक जाल बिछाया। आरोपी सरकारी कर्मचारियों को शिकायतकर्ता से 70,000 की रिश्वत की रकम मांगते और लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और ट्रैप टीम से जुड़े स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उनके पास से रिश्वत की रकम बरामद की गई।

गिरफ्तारी के बाद एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में दोनों आरोपियों के घरों की तलाशी ली गई। मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह