home page

पीएमएसएसएस दाखिला प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग, अभाविप ने सांसद सत शर्मा को सौंपा ज्ञापन

 | 
पीएमएसएसएस दाखिला प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग, अभाविप ने सांसद सत शर्मा को सौंपा ज्ञापन


जम्मू, 11 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जम्मू, कश्मीर एवं लद्दाख ने शनिवार को राज्यसभा सांसद सत शर्मा (सीए) को ज्ञापन सौंपकर शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रधानमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना (पीएमएसएसएस) के तहत दाखिला प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग की। परिषद ने कहा कि यह योजना जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के आर्थिक रूप से कमजोर एवं दूरदराज के क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में उच्च शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण पहल रही है। ज्ञापन में अभाविप ने बताया कि एआईसीटीई द्वारा 15 जून 2026 को जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार शिक्षा मंत्रालय के निर्देशों के तहत फिलहाल केवल नवीनीकरण (रिन्यूअल) मामलों पर कार्रवाई की जा रही है जबकि नए आवेदनों की प्रक्रिया भारत सरकार की मंजूरी मिलने के बाद ही शुरू होगी। परिषद ने कहा कि अधिसूचना जारी होने के तीन सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नए दाखिलों को मंजूरी नहीं मिलने से हजारों विद्यार्थी असमंजस की स्थिति में हैं।

अभाविप ने सांसद से आग्रह किया कि वे इस मामले को शिक्षा मंत्रालय और एआईसीटीई के समक्ष उठाकर जल्द से जल्द मंजूरी दिलाने और प्रवेश कार्यक्रम जारी कराने के लिए हस्तक्षेप करें। परिषद ने पंजीकरण और काउंसलिंग शीघ्र शुरू करने, दस्तावेज सत्यापन और सीट आवंटन की पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रक्रिया सुनिश्चित करने, प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था बनाने तथा ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की।

अभाविप जम्मू, कश्मीर एवं लद्दाख के प्रदेश सचिव सान्नक श्रीवत्स ने कहा कि क्षेत्र के हजारों विद्यार्थी पीएमएसएसएस के तहत नए दाखिलों का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सांसद सत शर्मा के हस्तक्षेप से प्रक्रिया में तेजी आएगी और पात्र विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित रहेगा। परिषद ने आशा व्यक्त की कि केंद्र सरकार विद्यार्थियों की चिंताओं को प्राथमिकता देते हुए पीएमएसएसएस की प्रवेश प्रक्रिया शीघ्र शुरू करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा