home page

अभाविप छात्रों का भावुक कार्यक्रम, बुजुर्गों संग बांटे खुशी के पल

 | 
अभाविप छात्रों का भावुक कार्यक्रम, बुजुर्गों संग बांटे खुशी के पल


जम्मू, 06 मई (हि.स.)। जम्मू के अम्फल्ला स्थित वृद्ध आश्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), लॉ स्कूल, जम्मू विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा एक भावनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें बुजुर्गों के साथ आत्मीय समय बिताया गया। लगभग 45 विधि छात्रों का यह दल गीतांश ठाकुर के नेतृत्व में आश्रम पहुंचा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रत्येक वृद्धजन का गुलाब भेंट कर सम्मान करने से हुई, जिसने माहौल को भावुक बना दिया। इसके बाद छात्रों ने पुराने मधुर गीत प्रस्तुत किए, जिनसे बुजुर्गों की यादें ताजा हो गईं और पूरा वातावरण संवेदनाओं से भर गया।

इस दौरान बुजुर्गों ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए जिनमें रोमेश कुमार और राजिंदर सिंह राजपूत के विचारों ने सभी को गहराई से प्रभावित किया। उनके अनुभवों ने जीवन के संघर्ष, धैर्य और त्याग का संदेश दिया। छात्रों ने कहा कि माता-पिता का प्रेम और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी संपत्ति है जिसके सामने दुनिया की हर खुशी छोटी है। कार्यक्रम ने युवाओं में बड़ों के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया। इस अवसर पर अभाविप के कई पदाधिकारी और वृद्ध आश्रम के प्रबंध समिति सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भावनात्मक विदाई और आभार व्यक्त करने के साथ हुआ, जिसने सभी के दिलों में यादगार छाप छोड़ी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा