home page

अनुच्छेद 370 और 35ए को निरस्त करना जम्मू और कश्मीर के लिए एकता, समानता और विकास के एक नए युग की शुरुआत है- भाजपा प्रवक्ता सुनील सेठी

 | 

जम्मू, 05 अगस्त (हि.स.)। 5 अगस्त, 2019 को अनुच्छेद 370 और 35ए को निरस्त करना जम्मू और कश्मीर के लिए एकता, समानता और विकास के एक नए युग की शुरुआत है और इसने एक दीर्घकालिक राष्ट्रीय प्रतिबद्धता को पूरा किया है। ये बातें भाजपा के जम्मू-कश्मीर के प्रवक्ताओं की जम्मू स्थित पार्टी मुख्यालय में मुख्य प्रवक्ता सुनील सेठी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कही गईं।

सेठी ने कहा कि 5 अगस्त 2019 ने जम्मू-कश्मीर के लिए एकता, समानता और विकास के एक नए युग की शुरुआत की। भाजपा के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णय ने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत किया है साथ ही जम्मू और कश्मीर का शेष देश के साथ पूर्ण संवैधानिक और विकासात्मक एकीकरण सुनिश्चित किया है।

बैठक में याद दिलाया गया कि भाजपा दशकों से अनुच्छेद 370 और 35ए को हटाने की वकालत करती रही है और कहा कि यह निर्णय एक राष्ट्र, एक संविधान के सिद्धांत और जम्मू-कश्मीर के सभी नागरिकों के लिए समान अधिकारों और अवसरों के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

प्रवक्ता ने पिछले छह वर्षों में केंद्र शासित प्रदेश में हुए सकारात्मक बदलावों पर भी प्रकाश डाला जिनमें त्वरित अवसंरचना विकास, पारदर्शी शासन, मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाएं, बेहतर जन कल्याण और केंद्रीय कानूनों एवं कल्याणकारी योजनाओं का समाज के सभी वर्गों तक विस्तार शामिल है। उन्होंने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और केंद्रीय नेतृत्व को राष्ट्रीय हित में लिए गए इस साहसिक और ऐतिहासिक निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया।

पार्टी ने केंद्र शासित प्रदेश में अनुच्छेद 370 और 35ए को निरस्त किए जाने की सातवीं वर्षगांठ मनाई।

वहीं श्रीनगर के जवाहर नगर स्थित पार्टी कार्यालय में जम्मू-कश्मीर भाजपा के महासचिव (संगठन) अशोक कौल ने इस अवसर पर केक काटा। पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने पंथा चौक से लाल चौक नगर केंद्र तक बाइक रैली निकालने की योजना बनाई थी लेकिन पुलिस ने उन्हें लाल चौक की ओर जाने से रोक दिया और पार्टी कार्यालय की ओर मोड़ दिया। पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा युवा नेता और पूर्व डीडीसी सदस्य एजाज हुसैन ने कहा कि 5 अगस्त को जम्मू-कश्मीर का देश में पूर्ण एकीकरण हुआ था।

उन्होंने कहा कि आज अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के सात साल पूरे हो गए हैं। मैं पूरे देश को बधाई देना चाहता हूं। इसी तारीख को जम्मू-कश्मीर देश में एकीकृत हुआ था।

दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा रैली निकाली। तिरंगा लिए और देशभक्ति के नारे लगाते हुए सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने जुलूस में भाग लिया। यह रैली कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरी। भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि 5 अगस्त उत्सव का दिन है क्योंकि इस दिन देश में दो संविधानों और दो झंडों की व्यवस्था समाप्त हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता