home page

आरएस पुरा, अरनिया और सुचेतगढ़ में बारिश-ओलावृष्टि से धान की फसल को नुकसान

 | 

जम्मू,, 12 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आरिफ ने आरएस पुरा और सुचेतगढ़ क्षेत्र का दौरा कर बारिश और ओलावृष्टि से धान की फसल को हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

दौरे के दौरान उनके साथ पूर्व पंच सनी कुमार, कुलदीप राज, सुरेश रिफ्यूजी सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे। किसानों ने बताया कि पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि और तेज बारिश के कारण धान की खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। कई खेतों में पानी जमा होने से फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है।

किसानों ने कहा कि उन्होंने अपनी फसल तैयार करने के लिए काफी मेहनत और पैसा लगाया था लेकिन खराब मौसम ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उन्होंने सरकार से मांग की कि फसलों के नुकसान का जल्द सर्वे करवाकर उचित मुआवजा दिया जाए ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।

मोहम्मद आरिफ ने कहा कि आरएस पुरा, अरनिया और सुचेतगढ़ सेक्टर में बारिश तथा ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने केंद्र सरकार और जम्मू-कश्मीर सरकार से मांग की कि प्रभावित गांवों में जल्द से जल्द सर्वे टीमें भेजी जाएं और नुकसान का आकलन कर किसानों को उचित मुआवजा उपलब्ध करवाया जाए।

उन्होंने आगामी फसल की बुआई के लिए किसानों को सब्सिडी पर खाद और बीज उपलब्ध करवाने की भी मांग की। इसके अलावा उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड के तहत लिए गए ऋण माफ करने और किसानों के बिजली बिलों में कटौती करने की अपील की।

मोहम्मद आरिफ ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के किसान पहले से कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में मौसम की मार से हुए नुकसान के बाद उन्हें सरकारी सहायता की सख्त जरूरत है। उन्होंने मांग की कि सरकार किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए राहत के लिए जल्द कदम उठाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता