रेलवे स्टेशन जम्मू पर अमरनाथ यात्रियों के लिए सेवा का अनूठा केंद्र, आठवें दिन भी हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
जम्मू, 09 जुलाई (हि.स.)। श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू रेलवे स्टेशन पर अखिल भारतीय धर्म प्रचार सेवा समिति द्वारा लगाया गया निःशुल्क भंडारा लगातार आठवें दिन भी जारी रहा। 2 जुलाई से शुरू हुए इस सेवा शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सात्विक एवं पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की जा रही है। समिति के अनुसार यह अमरनाथ यात्रियों के लिए आयोजित किया जा रहा उसका दसवां भंडारा है जहां भोजन के साथ यात्रियों को यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
हर दिन की तरह बुधवार को भी वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान के बाद भंडारे का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बनारस के चंदन जी महाराज की मौजूदगी में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, बिहार, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
समिति के राष्ट्रीय संयोजक सुनील शर्मा ने बताया कि भंडारे में यात्रियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए संतुलित एवं कम मसालों वाला भोजन तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवादार पूरी निष्ठा से यात्रियों की सेवा में जुटे हैं और भोजन के साथ उन्हें यात्रा संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। बनारस के चंदन जी महाराज ने कहा कि समिति का उद्देश्य अमरनाथ यात्रियों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी यात्रियों की सेवा करना समिति के प्रत्येक सेवादार का दायित्व है।
समिति ने बताया कि वह वर्षभर समाज सेवा और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी संचालित करती है जिनमें सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, निःशुल्क श्रीमद्भगवद्गीता वितरण, संत सम्मेलन, गंगाजल वितरण, धार्मिक उत्सवों पर झांकियां तथा श्रीमद्भागवत कथा जैसे आयोजन शामिल हैं। भंडारे में रमन शर्मा, रमेश शर्मा, भानु कुमार, अजय कुमार राजा मनकोटिया, विश्व बंधु शर्मा, विक्रम शर्मा और स्वतंत्र बक्शी सहित अन्य सेवादार भी सेवा कार्य में जुटे रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

