home page

जम्मू के रानी पार्क में मंचित हुआ बलवंत ठाकुर का नाटक ‘नशे की आग’, ड्रग्स के बढ़ते खतरे पर दिया सशक्त संदेश, युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील

 | 
जम्मू के रानी पार्क में मंचित हुआ बलवंत ठाकुर का नाटक ‘नशे की आग’, ड्रग्स के बढ़ते खतरे पर दिया सशक्त संदेश, युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील


जम्मू, 09 मार्च (हि.स.)। जम्मू के रानी पार्क में बलवंत ठाकुर द्वारा लिखित हिंदी नाटक ‘नशे की आग’ का मंचन किया गया। इस नाटक का निर्देशन नीरज कांत ने किया और इसे जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी द्वारा चलाए जा रहे एंटी ड्रग अभियान के तहत प्रस्तुत किया गया। नाटक में दिखाया गया कि किस तरह नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज और विशेष रूप से युवाओं की पीढ़ी को बर्बाद कर रही है तथा यह समस्या धीरे-धीरे देश के विकास के लिए भी गंभीर खतरा बनती जा रही है। नाटक की विशेषता यह रही कि इसमें किसी एक कहानी के बजाय कई अलग-अलग घटनाओं को एक ही विषय के अंतर्गत पिरोया गया, जो नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से उजागर करती हैं।

एक दृश्य में दिखाया गया कि स्कूल से कॉलेज में प्रवेश करने वाला एक युवक अच्छे साथ की तलाश में संघर्ष करता है। नशा न करने के कारण वह अपने साथियों से अलग-थलग पड़ जाता है और स्वयं को साबित करने के लिए नशे की दुनिया में कदम रख देता है। वहीं एक अन्य दृश्य में ग्रामीण परिवेश को दर्शाया गया है जहाँ शराब की लत के कारण गरीबी, घरेलू हिंसा और बीमारियों जैसी समस्याएँ बढ़ती दिखाई देती हैं।

नाटक के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से यह दर्शाया गया कि किस प्रकार नशा करने वाले लोग न केवल अपना बल्कि अपने परिवार और समाज का जीवन भी प्रभावित करते हैं। इस प्रस्तुति के जरिए समाज से अपील की गई कि नशे की इस बढ़ती आग को रोकने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। नाटक में नीरज कांत, विशाल शर्मा, कुशल भट्ट, कार्तिक कुमार, अर्जुन शर्मा, आदेश धर, लोविश और कन्ननप्रीत कौर ने अपने प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों पर गहरा प्रभाव छोड़ा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा