home page

जम्मू शहर के बाहरी इलाके बंतलाब में एक छोटे पुल का एक हिस्सा ढहा, तीन से चार मजदूर मलबे के नीचे दबे

 | 

जम्मू, 01 मई (हि.स.)। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को जम्मू शहर के बाहरी इलाके बंतलाब क्षेत्र में एक छोटे पुल का एक हिस्सा ढह गया जिससे कम से कम तीन से चार मजदूर मलबे के नीचे दब गए जबकि एक घायल मजदूर को बचा लिया गया। पुल का हिस्सा गिरने के बाद अधिकारियों ने सड़क संपर्क बंद कर दिया है।

सूत्रों ने बताया कि यह घटना तब हुई जब मजदूर पुल के पास एक रिटेनिंग दीवार की मरम्मत कर रहे थे जो पिछले साल की बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गई थी। सूत्रों के अनुसार पुल का एक हिस्सा अचानक टूट गया जिससे काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए।

पुलिस, सेना और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमों ने मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया। सूत्रों ने बताया कि उन्होंने एक घायल मजदूर को बाहर निकाला और उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

मौके पर मौजूद मजदूरों के परिवार वालों ने बताया कि घटना के समय काम कर रहे लगभग छह मजदूर मलबे के नीचे दब गए। परिवार वालों ने बताया कि दो मजदूर भागने में सफल रहे जबकि चार फंस गए।

सूत्रों के अनुसार मलबे में फंसे लोगों में एक महिला मजदूर का पति, एक राजमिस्त्री, एक अविवाहित मजदूर और ठेकेदार का एक रिश्तेदार शामिल हैं। समाचार लिखे जाने तक मलबे के नीचे फंसे लोगों की सही संख्या की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। बचाव अभियान जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता