home page

जम्मू क्षेत्र के मुद्दों को लेकर पीडीपी प्रतिनिधिमंडल ने महबूबा मुफ्ती से की मुलाकात

 | 
जम्मू क्षेत्र के मुद्दों को लेकर पीडीपी प्रतिनिधिमंडल ने महबूबा मुफ्ती से की मुलाकात


जम्मू, 28 मई (हि.स.)। जम्मू और कश्मीर पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के एक प्रमुख प्रतिनिधिमंडल ने जिसकी अगुवाई आर.एस. पुरा जम्मू साउथ के निर्वाचन क्षेत्र प्रभारी नरिंदर शर्मा ने की, कश्मीर में पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ़्ती से उनके आवास पर मुलाकात की।

इस दौरान जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश से जुड़े सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल में बिश्नाह के निर्वाचन क्षेत्र प्रभारी विकी कुमार डोगरा, जोन अध्यक्ष अशोक कुमार तथा वरिष्ठ पार्टी सदस्य सुदेश कुमार और ललित कुमार मोटन शामिल रहे। नेताओं ने जम्मू क्षेत्र के सीमावर्ती और ग्रामीण इलाकों में लोगों द्वारा झेली जा रही परेशानियों और चुनौतियों से पार्टी अध्यक्ष को अवगत कराया।

बैठक के दौरान शिक्षित युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने रोजगारोन्मुखी नीतियों, औद्योगिक विकास और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की मांग की। नेताओं ने कहा कि रोजगार के अभाव में बड़ी संख्या में युवा परेशान हैं और कौशल विकास, लघु उद्योगों के प्रोत्साहन तथा स्टार्टअप एवं स्थानीय कारोबार को समर्थन देने की आवश्यकता है। प्रतिनिधिमंडल ने महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का मुद्दा भी उठाया। नेताओं ने कहा कि दिहाड़ी मजदूरों, किसानों, श्रमिकों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर बढ़ती महंगाई का गंभीर असर पड़ रहा है। उन्होंने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए राहत उपाय लागू करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की।

बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, ग्रामीण बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सुविधाओं, सड़क संपर्क, पेयजल आपूर्ति और बिजली वितरण से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू संभाग के कई गांवों में मूलभूत सुविधाओं की कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी क्षेत्रों के समान विकास की आवश्यकता पर जोर दिया। किसानों और छोटे व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए नेताओं ने कहा कि दोनों वर्गों को अधिक वित्तीय सहायता और नीतिगत समर्थन की आवश्यकता है। उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा देने और कृषि उत्पादों के लिए बेहतर बाजार सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। जम्मू-कश्मीर के भविष्य से जुड़े राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, शासन में जनभागीदारी को मजबूत करने और समाज के हर वर्ग की आवाज को महत्व देने की आवश्यकता पर बल दिया। उनका कहना था कि स्थायी शांति, स्थिरता और विकास के लिए जनता का विश्वास बहाल करना अत्यंत आवश्यक है।

नरिंदर शर्मा ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने लोगों की भावनाओं और अपेक्षाओं को सीधे पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाया है तथा पीडीपी कार्यकर्ताओं की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया है। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा लोगों के साथ खड़ी रही है और आम जनता से जुड़े मुद्दों को आगे भी उठाती रहेगी। इस अवसर पर महबूबा मुफ्ती ने पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि वे जनता से लगातार जुड़े रहकर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीडीपी जम्मू-कश्मीर के लोगों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी। उन्होंने पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। बैठक के अंत में पार्टी नेताओं ने जनसंपर्क कार्यक्रमों को और तेज करने तथा जम्मू-कश्मीर में आम लोगों के मुद्दों को लगातार उठाने के संकल्प को दोहराया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा