300 फीट लंबे तिरंगे के साथ कठुआ में गूंजी देशभक्ति की हुंकार, हजारों युवाओं ने निकाली तिरंगा रैली
कठुआ, 12 अगस्त (हि.स.)। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और वीर शहीदों के सम्मान के संदेश के साथ कठुआ में युवाओं द्वारा भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में हजारों युवाओं के साथ एक्स-सर्विसमैन, स्कूली विद्यार्थी, शिक्षक और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने करीब 300 फीट लंबे तिरंगे को कंधों पर उठाकर लगभग पांच किलोमीटर की यात्रा तय की।
रैली का शुभारंभ शहीद कैप्टन सुनील चैधरी चैक से हुआ। इसके बाद रैली भगत सिंह चौक, सावन चक, हटली मोड, पुलिस चौकी, हटली मोड़ और रेलवे स्टेशन मार्ग से होते हुए शहीद कैप्टन सुनील चैधरी रेलवे स्टेशन पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में युवाओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
कंधों पर लहराता 300 फीट लंबा तिरंगा रैली का मुख्य आकर्षण रहा और पूरे मार्ग पर तिरंगे की भव्य छटा देखने को मिली। रैली में शहीद कैप्टन सुनील चैधरी के माता-पिता की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष भावनात्मक और प्रेरणादायी स्वरूप दिया। युवाओं ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
आयोजन का नेतृत्व राजेश मेहता, रणजीत सिंह पठानिया, सनी शर्मा, दमनजीत सिंह, अनिल सहित अन्य युवाओं ने किया। आयोजकों ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। रैली के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रध्वज और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना से जोड़ने का प्रयास किया गया। रैली में युवाओं की बड़ी भागीदारी ने कठुआ की देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रदर्शित किया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, एक्स-सर्विसमैन, विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

