हर की पौड़ी में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
जम्मू, 28 जुलाई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के संदेश को आगे बढ़ाते हुए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की टीम ने मंगलवार को जम्मू के हर की पौड़ी में पौधारोपण अभियान आयोजित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जम्मू-कश्मीर की यूटी संयोजक रितिका त्रेहन ने किया। इस दौरान सह-संयोजक बहू लीला चटेरी, कृष्णा प्रिया धर तथा योग गुरु करण भी उपस्थित रहे। अभियान में स्वयंसेवकों, स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
इस अवसर पर रितिका त्रेहन ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है और हर व्यक्ति पौधे लगाकर तथा उनकी देखभाल करके प्रकृति संरक्षण में योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का उद्देश्य केवल बालिका सशक्तिकरण तक सीमित नहीं है बल्कि स्वस्थ, सुरक्षित और टिकाऊ समाज का निर्माण भी है। बहू लीला चटेरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत परिवार से होनी चाहिए। उन्होंने महिलाओं और बच्चों से घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं योग गुरु करण ने कहा कि मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं तथा हरित क्षेत्र और वन संरक्षण शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने प्रदूषण कम करने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और अधिक से अधिक पौधारोपण के माध्यम से हरित आवरण बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति दीर्घकालिक प्रतिबद्धता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

