कटडा में ‘माता की कहानी’ का भव्य मंचन, मां वैष्णो देवी की गाथा ने मोहा श्रद्धालुओं का मन
जम्मू, 12 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र महोत्सव-2026 के प्रमुख आकर्षण ‘माता की कहानी’ का समोवार को कटरा स्थित श्रीधर ऑडिटोरियम, स्पिरिचुअल ग्रोथ सेंटर में भव्य आगाज हुआ। नटरंग जम्मू की ओर से प्रस्तुत इस संगीतमय नाट्य मंचन के दो शो आयोजित किए गए। पद्मश्री बलवंत ठाकुर की परिकल्पना, लेखन-रचना और निर्देशन में तैयार इस प्रस्तुति में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और मां वैष्णो देवी की गाथा को मंच पर जीवंत होते देखा।
नाटक में मां वैष्णो देवी की प्रचलित कथा को संगीत, अभिनय, आकर्षक मंच सज्जा, प्रकाश व्यवस्था और दृश्य संयोजन के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। कथा में मां महाकाली, मां महालक्ष्मी और मां महासरस्वती की दिव्य शक्तियों के एकत्र होने से लेकर माता वैष्णो देवी की महिमा तक के प्रसंगों को दर्शाया गया। दर्शकों ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें माता की कथा के कई ऐसे पहलुओं की जानकारी मिली जिनसे वे पहले पूरी तरह परिचित नहीं थे। कई श्रद्धालुओं ने ऐसी प्रस्तुतियों को वर्षभर आयोजित करने की आवश्यकता भी जताई ताकि कटरा आने वाले अधिक से अधिक श्रद्धालु इस सांस्कृतिक और आध्यात्मिक अनुभव से जुड़ सकें।
प्रस्तुति को सफल बनाने में नीरज कांत ने निर्देशन में सहयोग दिया जबकि गौरव अंगुराल, भविष्य अग्रवाल और राहुल गुप्ता ने सेट तैयार किए। राहुल सिंह, पवन वर्मा, मोहम्मद यासीन और महिक्षित सिंह ने वेशभूषा एवं प्रॉपर्टी की जिम्मेदारी संभाली। सनी मुजू ने नृत्य संयोजन और शिवम सिंह ने प्रकाश व्यवस्था तैयार की। नाटक में नीरज कांत, सनी मुजू, कननप्रीत कौर, आर्या शर्मा, पल्लवी शर्मा, खुशबू पंडिता सहित कई कलाकारों ने अभिनय किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

