home page

महाराणा प्रताप जयंती पर जम्मू में होगा भव्य ‘धर्म जागरण’ कार्यक्रम

 | 
महाराणा प्रताप जयंती पर जम्मू में होगा भव्य ‘धर्म जागरण’ कार्यक्रम


जम्मू, 08 मई (हि.स.)। महान योद्धा महाराणा प्रताप की जयंती के उपलक्ष्य में 10 मई को जम्मू में भव्य “धर्म जागरण” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन धर्म जागरण समन्वय के बैनर तले भारतीय योग संस्थान, कैंप रोड, तालाब तिल्लो में शाम 4:40 बजे से किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष सत पॉल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि धर्म जागरण समन्वय के अखिल भारतीय सह प्रमुख अरुण कांत जी मुख्य वक्ता होंगे। इस संबंध में प्रेस क्लब जम्मू में आयोजित पत्रकार वार्ता में एडवोकेट पी.एस. चंदेल, नारायण सिंह, पंडित शिव रैना और तरसीम चिब ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की।

अमर क्षत्रिय राजपूत सभा के अध्यक्ष नारायण सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन साहस, राष्ट्रभक्ति, त्याग और अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में जागरूकता पैदा करना और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना है। पंडित शिव रैना ने कहा कि “धर्म जागरण” केवल धार्मिक पहल नहीं बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरूकता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने युवाओं को भारत के गौरवशाली इतिहास और महान विभूतियों से परिचित कराने पर जोर दिया।

तरसीम चिब ने कहा कि महाराणा प्रताप पूरे राष्ट्र की प्रेरणा हैं और उनका जीवन समाज को एकजुट होकर कार्य करने का संदेश देता है। वहीं वाल्मीकि कॉलोनी गांधी नगर के अध्यक्ष घारू भट्टी ने कहा कि महाराणा प्रताप आत्मसम्मान, साहस और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं तथा युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं के संबोधन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा वर्तमान समय में महाराणा प्रताप के आदर्शों की प्रासंगिकता पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से भाग लेने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा