22 नवंबर को कठुआ में होगा ग्रैंड साइक्लोथॉन, 31 अक्टूबर से शुरू होगा निशुल्क पंजीकरण
कठुआ, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ की ओर से 22 नवंबर 2026 को ग्रैंड साइक्लोथॉन का आयोजन किया जाएगा जिसमें 1000 से अधिक साइकिलिस्ट के भाग लेने की उम्मीद है। उपायुक्त राजेश शर्मा ने मंगलवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में फिटनेस, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और साइकिलिंग को बढ़ावा देना है।
जिला प्रशासन द्वारा बाइसिकल फाॅर चेंज क्लब कठुआ, बरवाल एथलेटिक्स क्लब, एथलेटिक्स क्लब कठुआ सहित अन्य संगठनों के सहयोग से आयोजित इस साइक्लोथॉन में पांच श्रेणियां होंगी। इनमें सब-जूनियर 2 किलोमीटर, जूनियर 5 किलोमीटर, यूथ 20 किलोमीटर, सीनियर 20 किलोमीटर और वेटरन 10 किलोमीटर की स्पर्धाएं शामिल हैं। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण 31 अक्टूबर से शुरू होगा और पूरी तरह निशुल्क रहेगा। पंजीकरण लिंक बाद में साझा किया जाएगा।
प्रतिभागियों को टी-शर्ट और मेडल दिए जाएंगे जबकि विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। रेस में समय की सटीक गणना के लिए आरएफआईडी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। उपायुक्त ने युवाओं और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की। इस अवसर पर सीपीओ रंजीत ठाकुर, डीआईओ गुरप्रीत सिंह, सुनील कुमार, रंजीत पठानिया और रवि सिंह जस्सल भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

