जम्मू में 31 मार्च को होगा भव्य सांस्कृतिक महोत्सव, विरासत और परंपरा का दिखेगा संगम
जम्मू, 23 मार्च (हि.स.)। जम्मू–कश्मीर की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक विरासत को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से “जम्मू–कश्मीर सांस्कृतिक महोत्सव” का भव्य आयोजन 31 मार्च 2026 (मंगलवार) को मिश्रीवाला स्थित मेजेस्टिक ग्रैंड बैंक्वेट रिज़ॉर्ट में किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष रोहित शास्त्री ने दी। उन्होंने बताया कि यह महोत्सव प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा जिसकी अध्यक्षता परम पूज्य स्वामी अवधेशानंद गिरि करेंगे। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में जम्मू–कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों के तहत महंत रोहित शास्त्री ने एसपी रूरल जम्मू बृजेश शर्मा से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें औपचारिक निमंत्रण दिया। इस दौरान महोत्सव की रूपरेखा, उद्देश्य और प्रस्तावित सांस्कृतिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसपी बृजेश शर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए प्रशासनिक सहयोग का आश्वासन दिया। महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की पारंपरिक कला, लोक वेशभूषा, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक धरोहर को एक मंच पर प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से आम नागरिकों को जम्मू–कश्मीर की विविधतापूर्ण संस्कृति का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा।
महोत्सव में सांस्कृतिक प्रदर्शनी, पारंपरिक प्रस्तुतियां, प्रीति भोज सहित कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन में सहायक होगा बल्कि समाज में एकता, सौहार्द और सांस्कृतिक जागरूकता का संदेश भी फैलाएगा।
आयोजकों ने आम जनता से सपरिवार इस महोत्सव में भाग लेकर इसे सफल और यादगार बनाने की अपील की है। इस अवसर पर भूषण जामवाल, लक्की शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

