home page

430 ग्राम चिट्टे की खेप बरामद, किंगपिन गिरफ्तार, मढ़हीन में भी नशा तस्कर दबोचा

 | 
430 ग्राम चिट्टे की खेप बरामद, किंगपिन गिरफ्तार, मढ़हीन में भी नशा तस्कर दबोचा


कठुआ, 14 मई (हि.स.)। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत चल रही सख्त कार्रवाई के बीच कठुआ पुलिस ने ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। अलग-अलग अभियानों में पुलिस ने कुल लगभग 435 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जैसे नशीले पदार्थ बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पहले मामले में पुलिस स्टेशन बिलावर की टीम ने 14 मई को भिन्नी ब्रिज पर नाका लगाकर एक आरोपी मुनीश कुमार निवासी चक दाब खान कठुआ को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 15.23 ग्राम हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी के खुलासे पर उसके घर की तलाशी ली गई जहां से लगभग 415 ग्राम अतिरिक्त हेरोइन बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के विदेशों में बैठे बड़े ड्रग तस्करों से संबंध हैं और पंजाब के रास्ते सीमा पार से नशे की खेप मंगवाई जाती थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय लिंक की गहराई से जांच कर रही है।

दूसरे मामले में पुलिस पोस्ट मढ़हीन (थाना राजबाग) की टीम ने 13 मई को मथरा चक क्षेत्र में नाका लगाकर एक मोटरसाइकिल सवार शकील फिरदौस निवासी बगियाल कठुआ को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 5.89 ग्राम हेरोइन बरामद हुई और उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। आरोपी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन सतर्क टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है ताकि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया