home page

राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे जाम नाला बना समस्या, सीटीएम प्रबंधन बना स्वच्छता की मिसाल

 | 
राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे जाम नाला बना समस्या, सीटीएम प्रबंधन बना स्वच्छता की मिसाल


कठुआ, 05 फरवरी (हि.स.)। जम्मू पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग हटली मोड़ से सटी औद्योगिक इकाइयों के साथ लगता खुला नाला आए दिन जाम रहता है। इसका मुख्य कारण राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित दुकानदारों और ढाबा/होटल संचालकों द्वारा खुलेआम कचरा इस नाले में फेंकना बताया जा रहा है।

इसी नाले से क्षेत्र की कई औद्योगिक इकाइयों का पानी भी गुजरता है, लेकिन इसके बावजूद न तो जिला प्रशासन, न ही औद्योगिक विभाग या कोई अन्य संबंधित संस्था नियमित सफाई की ओर ध्यान देती नजर आती है। नालों को अक्सर राम भरोसे छोड़ दिया गया है, जिससे स्वास्थ्य और स्वच्छता पर गंभीर खतरा बना हुआ है।

ऐसे में जम्मू-कश्मीर की एकमात्र प्रमुख औद्योगिक इकाई सीटीएम ने स्वच्छता की दिशा में सराहनीय पहल की है। जबकि सीटीएम इकाई का अपना पानी इस नाले में नहीं बहता, फिर भी सीटीएम प्रबंधन द्वारा नियमित रूप से नाले की सफाई करवाई जा रही है। इतना ही नहीं, औद्योगिक क्षेत्र और उसके आसपास के इलाकों में भी ब्ज्ड के सफाई कर्मचारी लगातार साफ-सफाई करते नजर आते हैं।

रेलवे रोड पर लगाए गए डस्टबिन भी सीटीएम प्रबंधन की ओर से लगाए गए हैं, जिनकी नियमित सफाई भी उन्हीं के कर्मचारियों द्वारा की जाती है। यदि सीटीएम प्रबंधन रोजाना अपने आसपास के क्षेत्रों की सफाई न कराए, तो ये इलाके नर्क में तब्दील हो सकते हैं।

सीटीएम प्रबंधन ने आम जनता और दुकानदारों से अपील की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे इस बड़े नाले में खुले में कचरा न फेंकें और कचरा केवल डस्टबिन में ही डालें, ताकि क्षेत्र को स्वच्छ और स्वस्थ रखा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया