26 नवंबर को कठुआ में होगा सिविल डिफेंस का मॉक अभ्यास, रात 8 बजे बजेंगे हवाई हमले के सायरन
कठुआ, 21 नवंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ की ओर से 26 नवंबर 2026 को रात 8 बजे पूरे जिले में दूसरा सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैकआउट मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा। इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करना है।
अभ्यास के दौरान चेतावनी सायरन बजाने, ब्लैकआउट, सुरक्षित स्थानों पर निकासी, खोज एवं बचाव तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सायरन बजने पर घबराएं नहीं, घरों के अंदर रहें और सभी लाइटें बंद कर दें। वाहन चालकों को भी सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर हेडलाइट बंद रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल नियमित मॉक अभ्यास है इसलिए किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। नागरिकों से अभ्यास के दौरान पूरा सहयोग देने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

