home page

सेना के महिला चिकित्सा शिविर में 92 महिलाओं ने उठाया लाभ

 | 
सेना के महिला चिकित्सा शिविर में 92 महिलाओं ने उठाया लाभ


पुंछ, 12 जुलाई (हि.स.)। भारतीय सेना ने स्थानीय लोगों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए शनिवार को पुंछ जिले के चिट्टी बिट्टी क्षेत्र में महिला चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। शिविर का उद्देश्य महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ महिला स्वास्थ्य, निवारक देखभाल और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया और स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श तथा विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर विशेषज्ञ सलाह का लाभ उठाया।

चिकित्सा दल का नेतृत्व 169 मिलिट्री अस्पताल की एक सैन्य नर्सिंग अधिकारी ने किया जिन्होंने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।

इस चिकित्सा शिविर से कुल 92 महिलाओं ने लाभ प्राप्त किया। सेना ने कहा कि इस तरह की पहल दूरदराज के क्षेत्रों में आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय समुदाय और सेना के बीच विश्वास, सहयोग तथा सौहार्दपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा