home page

लोलाब के 5662 घरों को मिलेगा बेहतर पेयजल, 35.64 करोड़ की 10 योजनाएं ई-लोकार्पित

 | 
लोलाब के 5662 घरों को मिलेगा बेहतर पेयजल, 35.64 करोड़ की 10 योजनाएं ई-लोकार्पित


श्रीनगर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जल शक्ति, वन पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण तथा जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने मंगलवार को लोलाब विधानसभा क्षेत्र में 35.64 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 10 जलापूर्ति योजनाओं का ई-लोकार्पण किया। इन योजनाओं से विभिन्न गांवों के साढ़े पांच हजार से अधिक घरों को सुरक्षित और नियमित पेयजल सुविधा का लाभ मिलेगा।

जल शक्ति पीएचई विभाग के कुपवाड़ा डिवीजन द्वारा पूरी की गई इन योजनाओं को लोलाब में पेयजल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। मंत्री ने अधिकारियों को पूर्ण योजनाओं का उचित संचालन एवं रखरखाव सुनिश्चित करने तथा चल रही परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।

राणा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल जलापूर्ति ढांचा तैयार करना नहीं बल्कि प्रत्येक घर तक विश्वसनीय और टिकाऊ पेयजल सुविधा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि वह जल्द लोलाब का दौरा कर इन योजनाओं के संचालन की समीक्षा करेंगे।

ई-लोकार्पित प्रमुख योजनाओं में 9.81 करोड़ रुपये की सुरिगाम-वावूरा-बोन-मदानपोरा योजना से 1200 घर, 4.67 करोड़ की क्रुसेन योजना से 626 घर, 3.50 करोड़ की डेवर-अंदरबुग योजना से 1400 घर और 3.79 करोड़ की कावारी हार्डेन-सीवर योजना से 900 घर लाभान्वित होंगे।

लोलाब के विधायक कैसर जमशीद लोन ने योजनाओं के समय पर पूरा होने पर मंत्री और विभाग का आभार जताते हुए कहा कि कई गांवों में पहली बार पाइप से पेयजल पहुंचना क्षेत्र के लोगों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। विभाग के अनुसार कश्मीर में करीब 30 अन्य जलापूर्ति योजनाएं भी उद्घाटन के लिए तैयार हैं। इनमें 10 योजनाएं जल जीवन मिशन के तहत 64.78 करोड़, 14 नाबार्ड के तहत 59.69 करोड़, तीन यूटी कैपेक्स के तहत 11.95 करोड़ और एक अमृत 2.0 के तहत 1.41 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया