जीएमसी जम्मू और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के बीच बनेगा ओवरहेड ब्रिज
जम्मू,, 18 अगस्त (हि.स.)।
मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। जम्मू के जीएमसी और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को आपस में जोड़ने के लिए करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से ओवरहेड ब्रिज बनाया जाएगा। इस ब्रिज के निर्माण से दोनों अस्पतालों के बीच मरीजों और अटेंडेंट्स की आवाजाही आसान और तेज होने की उम्मीद है।
जम्मू पश्चिम के विधायक अरविंद गुप्ता ने बताया कि परियोजना के लिए वित्तीय मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। प्रस्तावित ओवरहेड ब्रिज से मरीजों को सड़क पार करने और ट्रैफिक जाम में फंसने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
दोनों अस्पतालों के बीच रोजाना बड़ी संख्या में मरीज, उनके परिजन और स्वास्थयकर्मी आवागमन करते हैं। ऐसे में यह कनेक्टिविटी बेहतर होने से विशेष रूप से गंभीर मरीजों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक ले जाने में समय की बचत होगी।
विधायक ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य अस्पतालों के बीच सुरक्षित और सुविधाजनक संपर्क उपलब्ध कराना है। ओवरहेड ब्रिज के निर्माण से अस्पताल परिसर के आसपास यातायात व्यवस्था पर भी सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है। वित्तीय मंजूरी मिलने के बाद अब संबंधित विभागों द्वारा निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

