बिना बिल 320 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद, बिलावर में मेडिकल शॉप सील
बिलावर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बिलावर में नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कठुआ पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ मिलकर एसडीएच बिलावर के पास स्थित एक मेडिकल शॉप को सील कर दिया। पुलिस ने दुकान से प्रेगाबालिन 300 एमजी के 320 कैप्सूल बरामद किए जिनके संबंध में कोई बिल या वाउचर प्रस्तुत नहीं किया गया।
जानकारी के अनुसार थाना बिलावर को टेलीफोन के माध्यम से संदिग्ध दवाओं की खेप के संबंध में सूचना मिली थी। सूचना पर थाना बिलावर की पुलिस टीम ने ड्रग इंस्पेक्टर के साथ मिलकर तत्काल कार्रवाई करते हुए एसडीएच बिलावर के नजदीक स्थित महाजन मेडिकल एजेंसी की जांच की। तलाशी के दौरान प्रेगाबालिन 300 एमजी के कुल 320 कैप्सूल बरामद हुए। जांच के दौरान दवाओं की खरीद अथवा वैध आपूर्ति से संबंधित कोई बिल या वाउचर उपलब्ध नहीं कराया गया।
पुलिस ने इसे दवाओं की अनधिकृत बिक्री एवं कब्जे से संबंधित नियमों का उल्लंघन माना। मामले में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 की धारा 22(डी) के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित मेडिकल शॉप को सील कर दिया गया है। पुलिस ने कहा कि प्रतिबंधित एवं आदत डालने वाली दवाओं की अवैध बिक्री और आपूर्ति के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

