उधमपुर में भालू के हमले में 29 वर्षीय महिला घायल
| Oct 16, 2026, 16:18 IST
उधमपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले की पंचारी तहसील के नल्लियन इलाके में एक जंगली भालू के हमले में 29 वर्षीय महिला घायल हो गई।
एक अधिकारी ने बताया कि भालू के हमले में महिला को चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि उसे प्राथमिक उपचार के लिए पंचारी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए उधमपुर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल महिला की पहचान नल्लियन वार्ड के चुलना गांव की रहने वाली कमलेश देवी (29) के रूप में हुई है।
इस बीच प्रशासन ने घटना का संज्ञान लिया है जबकि स्थानीय लोगों ने उनसे आगे ऐसे हमलों को रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

