अखनूर में 204वां रक्षा पेंशन समाधान आयोजन संपन्न
जम्मू,, 08 अक्टूबर (हि.स.)।
पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए अखनूर के टांडा में आयोजित 204वां रक्षा पेंशन समाधान आयोजन गुरुवार को संपन्न हो गया। दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान कुल 321 पेंशन संबंधी शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें से 54 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों को निर्धारित समय में निपटाने के लिए संबंधित अधिकारियों के पास भेजा गया है।
सांघा सभागार में 7 और 8 अक्टूबर को आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग ने किया गया। आयोजन का उद्देश्य जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा पूर्व सैनिकों के आश्रितों को पेंशन और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था।
आयोजन के दौरान कुल 582 लाभार्थियों ने पंजीकरण कराया जबकि 432 लाभार्थियों ने भाग लिया। इनमें 150 प्रतिभागी 74 वीडियो कॉन्फ्रेंस केंद्रों के माध्यम से जुड़े। प्रधान रक्षा लेखा नियंत्रक और सैन्य अभिलेख कार्यालयों के संयुक्त प्रयासों से 54 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया।
इसके अलावा पात्र लाभार्थियों की पेंशन, अनुदान और बकाया राशि से संबंधित मामलों की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई। पूर्व सैनिकों को पेंशन अधिकारियों, बैंकों और संबंधित विभागों से सीधे बातचीत करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान 13 चिकित्सकों की सहायता से निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया जिसमें स्त्री रोग और हड्डी रोग विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य परामर्श दिया। साथ ही पेंशन अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं, डिजिटल सेवाओं, स्वास्थ्य सुविधाओं, पुनर्वास और रोजगार के अवसरों को लेकर जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

