home page

नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान में कठुआ में अब तक 16 एफआईआर दर्ज, 23 तस्कर गिरफ्तार, करोड़ों के ड्रग्स बरामद

 | 
नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान में कठुआ में अब तक 16 एफआईआर दर्ज, 23 तस्कर गिरफ्तार, करोड़ों के ड्रग्स बरामद


कठुआ, 28 अप्रैल (हि.स.)। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत जिले में कठुआ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत पुलिस ने अब तक 16 एफआईआर दर्ज कर 23 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस कार्रवाई के दौरान करीब 500 ग्राम हेरोइन और लगभग 21 किलोग्राम पोस्त बरामद किया गया है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई जिले में नशे के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी बल्कि उनके खिलाफ सख्त कानूनी कदम भी उठाए जा रहे हैं। इसके तहत आरोपियों की संपत्तियों को जब्त करने, बैंक खातों को फ्रीज करने के साथ-साथ उनके पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने जैसी कठोर कार्यवाही भी की जा रही है। एसएसपी मोहिता शर्मा ने कहा कि कठुआ पुलिस नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस अभियान को आगे भी और तेज किया जाएगा।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। कठुआ पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है और उम्मीद जताई जा रही है कि इससे जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया