home page

कठुआ के 1500 पहाड़ी भाषी पीओजेके परिवार एसटी-2 प्रमाणपत्र से वंचित, संघर्ष समिति ने विधायक से लगाई गुहार

 | 
कठुआ के 1500 पहाड़ी भाषी पीओजेके परिवार एसटी-2 प्रमाणपत्र से वंचित, संघर्ष समिति ने विधायक से लगाई गुहार


कठुआ, 21 नवंबर (हि.स.)। जिला कठुआ में रहने वाले पहाड़ी भाषी पीओजेके विस्थापित परिवारों को एसटी-2 प्रमाणपत्र जारी न किए जाने का मुद्दा अब जोर पकड़ने लगा है। इस संबंध में एसटी-2 संघर्ष समिति जिला कठुआ के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुकंद लाल और नरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण से मुलाकात कर अपनी समस्या से अवगत करवाया।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि केंद्र सरकार द्वारा 15 मार्च 2024 को जारी सरकारी आदेश एसओ नंबर 176 के तहत पहाड़ी भाषी लोगों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा प्रदान किया गया था। इसके बावजूद जिला कठुआ में रहने वाले पीओजेके विस्थापित परिवारों को प्रशासन की ओर से एसटी-2 प्रमाणपत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं। समिति के अनुसार ऐसे परिवारों की संख्या करीब 1500 है जबकि इन्हीं परिवारों के अन्य सदस्य राजौरी, पुंछ, जम्मू और कश्मीर के विभिन्न जिलों में एसटी-2 प्रमाणपत्र प्राप्त कर रहे हैं। समिति के सदस्यों ने कहा कि एक ही समुदाय के लोगों को अन्य जिलों में प्रमाणपत्र जारी किए जा रहे हैं लेकिन कठुआ जिले में रहने वाले पहाड़ी भाषी परिवारों को इस सुविधा से वंचित रखा जा रहा है। प्रमाणपत्र जारी न होने के कारण इन परिवारों के बच्चों और युवाओं को शिक्षा, रोजगार तथा भविष्य में मिलने वाले अन्य अवसरों में नुकसान उठाना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से आग्रह किया कि इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाए और जिला कठुआ के पात्र परिवारों को भी एसटी-2 प्रमाणपत्र जारी करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। वहीं विधायक डॉ. भारत भूषण ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे ताकि प्रभावित परिवारों की जायज मांग का समाधान हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया