home page

कठुआ में मिशन युवा के तहत 118 युवा दूतों को दिया गया प्रशिक्षण

 | 
कठुआ में मिशन युवा के तहत 118 युवा दूतों को दिया गया प्रशिक्षण


कठुआ, 28 फरवरी (हि.स.)। मिशन युवा के प्रभावी क्रियान्वयन और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला उपायुक्त कार्यालय कठुआ के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जिले के 19 ब्लॉकों से कुल 118 युवा दूतों ने भाग लिया। यह प्रशिक्षण निदेशक रोजगार, जम्मू-कश्मीर के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का मार्गदर्शन संयुक्त निदेशक रोजगार जम्मू परमजीत सिंह ने किया जबकि इसका संचालन सहायक निदेशक रोजगार कठुआ पियूषा खजूरिया और रोजगार विभाग की टीम ने किया। इस दौरान मिशन युवा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई जिसमें महिला एवं स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करना, लंबित ऋण मामलों का फॉलोअप, स्वीकृत मामलों में सहायता तथा ओएनडीसी जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से कारोबार से जोड़ना शामिल रहा।

प्रशिक्षण में युवा दूतों को संभावित लाभार्थियों की पहचान, दस्तावेजी प्रक्रिया में सहायता, बैंकों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय तथा स्वरोजगार स्थापित होने तक निरंतर सहयोग सुनिश्चित करने के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी गई। जिला प्रशासन ने मिशन युवा को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, युवाओं को सशक्त करने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया