home page

सुलैमान टेंग जलाशय के लिए एक करोड़ रुपये मंजूर, राणा ने जलापूर्ति व सिंचाई योजनाओं की समीक्षा की

 | 
सुलैमान टेंग जलाशय के लिए एक करोड़ रुपये मंजूर, राणा ने जलापूर्ति व सिंचाई योजनाओं की समीक्षा की


श्रीनगर, 11 अगस्त (हि.स.)। जल शक्ति, वन पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण तथा जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने मंगलवार को खन्यार और हजरतबल विधानसभा क्षेत्रों में जलापूर्ति, सिंचाई, वन एवं जनजातीय विकास से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की। बैठक में खन्यार के विधायक अली मोहम्मद सागर और हजरतबल के विधायक सलमान अली सागर सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान मंत्री ने डलगेट के सुलैमान टेंग में अतिरिक्त जलाशय के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये की घोषणा की। उन्होंने जल शक्ति विभाग को परियोजना की औपचारिकताएं पूरी कर इसे प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने के निर्देश दिए।

राणा ने तुलपथरी जलापूर्ति योजना से जुड़े लंबित वन विभाग के मुद्दों के शीघ्र समाधान, सिंध एक्सटेंशन और मवास नहरों के सुधार तथा नहरों की डी-सिल्टिंग और ड्रेजिंग पर जोर दिया। उन्होंने हजरतबल के धान क्षेत्रों में समय पर सिंचाई पानी उपलब्ध कराने और जलापूर्ति नेटवर्क को जरूरतमंद क्षेत्रों तक विस्तार देने के निर्देश भी दिए। बैठक में अलुस्तेंग और रिंगल 5 एमजीडी जल शोधन संयंत्रों से हजरतबल को मिलने वाले पानी की समीक्षा, 90 फीट रोड पर समर्पित जलापूर्ति लाइन, सैयदपोरा हमची में जल एवं सिंचाई व्यवस्था तथा टेलबल ओएचटी और वितरण लाइन सहित विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

मंत्री ने कहा कि सरकार संतुलित और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा स्थानीय जरूरतों के आधार पर विकास कार्यों को प्राथमिकता और चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। बैठक में जनजातीय आबादी के अनुपात में विकास निधि आवंटित करने पर भी जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया