मेले गांव में वॉलीबॉल टूर्नामेंट का समापन, 28 टीमों ने दिखाया दमखम
हीरानगर, 31 अगस्त (हि.स.)। मेले गांव में मेले वॉलीबॉल क्लब की ओर से आयोजित वॉलीबॉल टूर्नामेंट का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता में कुल 28 टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले में एसपी ऑप्स कठुआ बृजेश शर्मा बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे जबकि हीरानगर के विधायक एडवोकेट विजय शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान डीएसपी ऑप्स कठुआ, एसएचओ हीरानगर, ब्राह्मण सभा हीरानगर के अध्यक्ष, जिला कठुआ वॉलीबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समापन समारोह में बड़ी संख्या में युवा और खेल प्रेमी भी पहुंचे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। प्रतियोगिता ने युवाओं में खेल भावना, टीमवर्क और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के साथ क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने का संदेश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

