जीजीएम साइंस कॉलेज में विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन
जम्मू, 09 मार्च (हि.स.)। जम्मू स्थित जीजीएम साइंस कॉलेज के एनएसएस यूनिट्स द्वारा चल रहे विंटर कैंप के अंतर्गत विभिन्न रचनात्मक और जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता, स्लोगन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता तथा “बुजुर्गों की देखभाल और सम्मान” विषय पर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया जिसमें एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वीडियो मेकिंग प्रतियोगिता “महिलाएं जो आपको प्रेरित करती हैं” विषय पर आयोजित की गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने ऐसे प्रेरणादायक महिलाओं पर लघु वीडियो तैयार किए जिन्होंने अपने संघर्ष, समर्पण और उपलब्धियों के माध्यम से उनके जीवन को प्रभावित किया है। इस गतिविधि ने छात्रों को प्रेरक कहानियां साझा करने और समाज में महिलाओं की भूमिका पर विचार करने का अवसर प्रदान किया।
इसके साथ ही महिला दिवस के अवसर पर स्लोगन और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से सशक्त और प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में सेमेस्टर-2 की साक्षी ने प्रथम, रिधिमा ने द्वितीय और शालिनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन प्रो. पूनम कुंदन, प्रो. मुजफ्फर शेख और प्रो. शेराज कौसर ने किया। विंटर कैंप के तहत “बुजुर्गों की देखभाल और सम्मान” विषय पर भी विशेष जागरूकता पहल की गई। इसके माध्यम से स्वयंसेवकों को समाज में बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थी जल्द ही एक वृद्धाश्रम का दौरा कर वहां के निवासियों से संवाद करेंगे।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को समाज में महिलाओं और बुजुर्गों के अमूल्य योगदान को समझने और उनसे सीखने की प्रेरणा देते हैं। यह गतिविधियां युवाओं में जिम्मेदारी और सम्मान की भावना को मजबूत बनाती हैं। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. नेहा शर्मा और डॉ. राहुल कैत के समन्वय में किया गया, जिन्होंने स्वयंसेवकों को सक्रिय रूप से भाग लेने और अपनी रचनात्मकता व संचार कौशल को प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

