चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के अध्यक्ष को बताई ट्रेडर्स की समस्याएं
जम्मू, 07 मई (हि.स.)। ट्रेडर्स एसोसिएशन त्रिकुटा नगर जम्मू के अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के ट्रेड सेल के सह-संयोजक अभिनव आनंद ने चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के अध्यक्ष अरुण गुप्ता से मुलाकात कर व्यापारियों से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान व्यापारियों और दुकानदारों को पेश आ रही दैनिक समस्याओं, बाजार से जुड़े मुद्दों, आधारभूत ढांचे की कमियों, व्यापारिक नियमों तथा व्यापारिक संगठनों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों नेताओं ने व्यापारिक समुदाय के हितों की रक्षा और क्षेत्र में व्यापार अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अभिनव आनंद ने स्थानीय व्यापारियों की वास्तविक समस्याओं को उठाते हुए कहा कि व्यापारिक क्षेत्र की कठिनाइयों को दूर करने के लिए सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों को समय रहते ध्यान देना चाहिए। इस अवसर पर अरुण गुप्ता ने व्यापार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर संवाद को मजबूत करने की पहल की सराहना भी की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

