कम तेल वाले पौष्टिक भोजन को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित
जम्मू, 19 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “विकास, विश्वास और जन कल्याण” अभियान के तहत भाजपा महिला मोर्चा जम्मू जिला ने कच्ची छावनी स्थित भाजपा मुख्यालय में स्वस्थ खानपान और खाद्य तेल के कम उपयोग को बढ़ावा देने के लिए एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनुराधा शर्मा ने की जबकि भाजपा की वरिष्ठ नेता प्रिया सेठी, प्रेरणा नंदा, शालू गुप्ता और आशा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
कार्यशाला में महिलाओं ने कम या बिना तेल के तैयार किए गए पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया और स्वस्थ जीवनशैली पर विचार साझा किए। इस अवसर पर प्रिया सेठी ने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य रसोई से शुरू होता है और महिलाओं की भूमिका परिवारों की खानपान संबंधी आदतों को आकार देने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक तेल के सेवन को कम कर संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर मोटापा, हृदय रोग और मधुमेह जैसी बीमारियों को रोका जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने स्वस्थ भोजन और फिट भारत के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

