Gurugram स्थित चिंतल सोसाइटी में ड्राइंग रूम के फ्लोर गिरे, दो लोगों की मौत
| Feb 11, 2022, 09:00 IST
गुरुवार की शाम को हरियाणा में Gurugram के सेक्टर 109 में स्थित चिंतल पैराडाइस हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में बड़ा हादसा हो गया. इस हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के डी टावर में छठी मंजिल से ग्राउंड फ्लोर तक सभी फ्लैटों के ड्राइंग रूम की छत अचानक से ढह गई. इस भीषण हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मृत्यु हो गई तथा चार अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत ही पुलिस को सूचित कर दिया था. फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीम पुलिस के साथ संयुक्त तौर पर राहत एवं बचाव के कार्य में जुटी हुई है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व ही सोसाइटी प्रबंधन को ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ था. इस वजह से श्रमिक यहां पर कार्य कर रहे थे. सीएम मनोहर लाल खट्टर ने ट्वीट के माध्यम से इस हादसे पर खेद व्यक्त करते हुए बताया कि, वे व्यक्तिगत तौर पर Gurugram के सेक्टर 109 में हुई इस दुर्घटना की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. आगे उन्होंने जानकारी दी कि, प्रशानिक अधिकारियों की टीम अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं. सभी के सकुशल होने की मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ. आपको बता दें कि, इस सोसाइटी के डी टावर की छठवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट के ड्राइंग रूम के फ्लोर की मरम्मत की जा रही थी. इसी दौरान अचानक से छठी मंजिल से ग्राउंड फ्लोर तक के सभी फ्लैटों के ड्राइंग रूम की छतें भर-भराकर नीचे गिरने लगीं. इस हाउसिंग सोसायटी में तकरीबन 530 फ्लैट हैं तथा वर्तमान समय में लगभग 420 परिवार इस सोसाइटी में रह रहे हैं.

