अवैध निर्माण पर बोलीं अग्निमित्रा - निगरानी की जिम्मेदारी जिन पर थी उन पर भी कार्रवाई होगी
कोलकाता, 24 मई (हि.स.)। कोलकाता में रविवार सुबह से अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई जारी है। शहर के तिलजला, कसबा और बेलेघाटा समेत कई इलाकों में कथित अवैध इमारतों को तोड़ा जा रहा है। कसबा के बीबी चटर्जी स्ट्रीट स्थित अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई का निरीक्षण करने पहुंचीं पश्चिम बंगाल की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने सख्त चेतावनी दी।
मंत्री ने कहा कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी अवैध निर्माणों पर नजर रखने की थी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां-जहां अवैध निर्माण हुए हैं, वहां जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। जिन लोगों ने इमारतें बनाईं, पैसा लगाया, डेवलपर या प्रमोटर के रूप में जुड़े रहे, सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
रविवार को जिन अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गई, उनमें कुछ का संबंध कथित तौर पर सोना पप्पू और कुछ का संबंध राजू नस्कर से बताया जा रहा है। मंत्री ने जानकारी दी कि कुल छह अवैध निर्माणों को लेकर नोटिस जारी किए गए थे।
बीबी चटर्जी स्ट्रीट स्थित 143 नंबर भवन को पूरी तरह अवैध बताते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि यह निर्माण सोना पाप्पू का है। उन्होंने बताया कि सोना पप्पू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मंत्री ने आरोप लगाया कि सामने किसी और का नाम हो सकता है, लेकिन इसके पीछे कुख्यात अपराधी सोना पाप्पू का हाथ है। इसी तरह कुछ निर्माण राजू नस्कर से जुड़े हैं, जो तृणमूल कांग्रेस के करीबी बताए जाते हैं।
मंत्री ने कहा कि जिन निर्माणों को लेकर सवाल उठे हैं, उन्हें पहले नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया था। संबंधित पक्षों से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद पुलिस और नगर निगम की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि पिछली सरकार के संरक्षण में प्रशासन को चुनौती देकर जिन्होंने अवैध निर्माण किए, उन सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी। सरकार कानून के दायरे में रहकर ही कदम उठा रही है और आगे भी उठाएगी। -------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

