home page

रिषड़ा में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर विधायक भास्कर भट्टाचार्य ने किया माल्यार्पण, पुराने विवाद का भी किया जिक्र

 | 
रिषड़ा में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर विधायक भास्कर भट्टाचार्य ने किया माल्यार्पण, पुराने विवाद का भी किया जिक्र


हुगली, 24 मई (हि.स.)। श्रीरामपुर के भारतीय जनता पार्टी विधायक भास्कर भट्टाचार्य ने रविवार को रिषड़ा के ब्रह्मानंद स्कूल मैदान के समीप स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक भी मौजूद रहे।

यह वही स्थान है जहां चुनाव प्रचार के दौरान भास्कर भट्टाचार्य को कथित तौर पर आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण करने से रोक दिया गया था। उस समय उनके साथ दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप भी सामने आया था।

शनिवार को माल्यार्पण के बाद विधायक ने कहा कि जब वह पहले यहां आए थे, तब उन्हें संविधान निर्माता डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने से रोका गया था और प्रतिमा को ताले में बंद रखा गया था।

उन्होंने कहा, “आज हमने वह ताला खुलवाया ताकि आम लोग भी स्वतंत्र रूप से बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सकें। डॉ. आंबेडकर केवल किसी एक दल या संगठन के नहीं, बल्कि पूरे देश के प्रेरणास्रोत हैं।”

विधायक ने आरोप लगाया कि उस समय उन्हें रोकने वाले तृणमूल कांग्रेस समर्थित क्लब के कुछ लोगों को संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ नहीं है।

भास्कर भट्टाचार्य ने कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर ने देश को संविधान दिया और समाज के वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया। ऐसे महान व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि देने से किसी को नहीं रोका जा सकता।

घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है। भाजपा समर्थकों ने इसे “लोकतांत्रिक अधिकारों की जीत” बताया, जबकि स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय