home page

ग्रामीण विकास को गति देना सरकार की प्राथमिकता : दिलीप घोष

 | 
ग्रामीण विकास को गति देना सरकार की प्राथमिकता : दिलीप घोष


हावड़ा, 09 जून (हि.स.)। राज्य के पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने कहा है कि ग्रामीण विकास को गति देना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। हावड़ा जिले के उलूबेड़िया के जुवारगुड़ी क्षेत्र में मंगलवार को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत विकास कार्यों का शुभारंभ करने पहुंचे दिलीप घोष ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे हजारों लोगों को काम मिलता है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व में विभिन्न अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण इस योजना का कार्य प्रभावित हुआ था।

दिलीप घोष ने कहा कि नई सरकार बनने के बाद योजनाओं की समीक्षा की गई और आवश्यक समस्याओं के समाधान के प्रयास किए गए, जिसके बाद मनरेगा परियोजना के कार्यों को फिर से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए पर्याप्त धनराशि भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आम लोगों के हित में काम करना है और ग्रामीण विकास को गति देना उसकी प्राथमिकता है। कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्र के कई लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता