home page

हल्दिया-मेचेदा 116 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसा, युवक की मौत

 | 

हल्दिया, 24 मई (हि. स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया-मेचेदा 116 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना हल्दिया के सिटी सेंटर के पास मोराम इलाके में हुई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने पीछे से एक तेल टैंकर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण टैंकर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे पैदल जा रहे युवक को कुचल दिया। युवक के टैंकर के पहिये के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। खबर पाकर भवानीपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृत युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना के बाद डंपर और तेल टैंकर के चालक फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। दुर्घटनाग्रस्त डंपर और तेल टैंकर को जब्त कर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता