home page

बंगाल कोयला तस्करी मामला : ईडी ने पुलिस अधिकारी समेत पांच कोयला कारोबारियों को भेजा समन

 | 
बंगाल कोयला तस्करी मामला : ईडी ने पुलिस अधिकारी समेत पांच कोयला कारोबारियों को भेजा समन


कोलकाता, 24 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित करोड़ों रुपये के कोयला तस्करी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जांच तेज करते हुए पश्चिम बंगाल पुलिस के एक निरीक्षक स्तर के अधिकारी और पांच कोयला कारोबारियों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। इन्हें बुधवार तक पूछताछ के लिए हाजिर होना है।

ईडी की ओर से समन भेजे गए पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल हैं, जो पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट अंतर्गत बुदबुद थाना के पूर्व प्रभारी रह चुके हैं।

सूत्रों के अनुसार, इससे पहले तृणमूल कांग्रेस सरकार के पिछले कार्यकाल के दौरान भी ईडी ने मंडल को कई बार पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, वह कथित तौर पर एजेंसी के समन का जवाब देने से बचते रहे और कोलकाता के साल्ट लेक स्थित ईडी कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए थे।

अब राज्य में नई प्रशासनिक परिस्थितियों के बीच ईडी ने उन्हें फिर से पूछताछ के लिए तलब किया है।मनोरंजन मंडल के साथ जिन पांच कोयला कारोबारियों को समन जारी किया गया है, उनमें कृष्ण कायाल, रितेश लोकेश सिंह, युधिष्ठिर घोष और नरेंद्र खड़का शामिल हैं।

सूत्रों का दावा है कि पश्चिम बर्दवान जिले के 12 अन्य कोयला कारोबारी भी ईडी की निगरानी में हैं।

ईडी ने इस मामले में दायर अपनी विभिन्न आरोपपत्रों में दावा किया है कि कोयला तस्करी का नेटवर्क कोयला कारोबारियों, केंद्रीय बलों के कुछ अधिकारियों, कोल इंडिया की सहायक कंपनी ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के अधिकारियों और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के कुछ कर्मियों की कथित मिलीभगत से संचालित हो रहा था।

इससे पहले ईडी ने कोलकाता की विशेष धनशोधन निवारण अधिनियम अदालत को बताया था कि मनोरंजन मंडल के बैंक खातों में कम समय में भारी मात्रा में धनराशि जमा हुई थी। एजेंसी ने उन पर ज्ञात आय से अधिक संपत्ति रखने का भी आरोप लगाया था।

मार्च 2026 में ईडी अधिकारियों ने पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर स्थित मंडल के आवास पर छापेमारी और तलाशी अभियान भी चलाया था।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर