दुर्गापुर के सेन मार्केट में बदमाशों का तांडव, व्यापारियों से मारपीट का आरोप
दुर्गापुर, 24 मई (हि. स.)। दुर्गापुर के सेन मार्केट इलाके में रविवार सुबह कुछ बदमाशों ने कथित रूप से बाजार में घुसकर तांडव मचाया। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आरोप है कि चेहरे पर काला कपड़ा बांधे एक समूह ने दुकानदारों पर हमला किया, सब्जियां सड़क पर फेंक दीं और कई दुकानों में तोड़फोड़ की।
इस घटना में सेन मार्केट व्यवसायी समिति के महासचिव सागर साहा भी घायल बताए जा रहे हैं। व्यापारियों का आरोप है कि चुनाव परिणाम आने के बाद से ही बाजार समिति पर कब्जे को लेकर दबाव बनाया जा रहा था।
व्यवसायी समिति का कहना है कि एक गैर-राजनीतिक संगठन के कार्यालय पर कब्जे की कोशिश की जा रही थी, जिसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। रविवार सुबह स्थिति तब और बिगड़ गई जब कथित दुष्कृतियों ने बाजार में घुसकर हमला शुरू कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पश्चिम बंगाल पुलिस की कॉकओवन थाने की टीम भारी संख्या में मौके पर पहुंची। हालात को काबू में करने के लिए केंद्रीय बलों के जवानों को भी तैनात किया गया।
वहीं, कुछ व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लाठीचार्ज का भी आरोप लगाया है। इस घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। फिलहाल इलाके में पुलिस तथा सीएपीएफ बल तैनात है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

