home page

दुर्गापुर दुष्कर्म कांड : एनकाउंटर वाले बयान पर बढ़ा सियासी विवाद, कांग्रेस ने भाजपा विधायक को घेरा

 | 
दुर्गापुर दुष्कर्म कांड : एनकाउंटर वाले बयान पर बढ़ा सियासी विवाद, कांग्रेस ने भाजपा विधायक को घेरा


पश्चिम बर्दवान, 09 जून (हि. स.)। दुर्गापुर के होटल पार्क स्वीट्स में नाबालिग के साथ हुए कथित दुष्कर्म मामले को लेकर भाजपा विधायक चंद्रशेखर बनर्जी के बयान पर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। अपराधियों के एनकाउंटर की वकालत करने वाले उनके बयान पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताते हुए भाजपा की राजनीति और विचारधारा पर सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती ने कहा कि भाजपा की संस्कृति संविधान और कानून को दरकिनार करने की रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हमेशा तोड़फोड़, हिंसा और बुलडोजर की राजनीति करती है।

देवेश चक्रवर्ती ने कहा कि दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार तीन आरोपितों के साथ-साथ उस युवती की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए, जिस पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर आरोपितों के पास ले जाने का आरोप है। उन्होंने दावा किया कि उक्त युवती भाजपा से जुड़ी हुई थी और सवाल उठाया कि भाजपा विधायक ने उसके खिलाफ एनकाउंटर जैसी कार्रवाई की मांग क्यों नहीं की।

इससे पहले दुर्गापुर पूर्व के भाजपा विधायक चंद्रशेखर बनर्जी ने मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि भाजपा आज भी पीड़िता के परिवार के साथ खड़ी है और घटना के खिलाफ आंदोलन जारी रखे हुए है। उन्होंने कहा कि आइक्यू सिटी क्षेत्र में घटना के समय भाजपा विपक्ष में थी, लेकिन अब सत्ता में आने के बाद भी पार्टी का रुख नहीं बदला है।

विधायक ने कहा कि उनकी पार्टी की नीति गंभीर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में लंबे ट्रायल की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए और अपराधियों को शीघ्र दंड मिलना चाहिए। उन्होंने पश्चिम बंगाल में उत्तर प्रदेश की तर्ज पर कड़े कानून लागू करने की वकालत करते हुए कहा कि वह इस विषय को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के समक्ष उठाएंगे।

चंद्रशेखर बनर्जी ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले पुलिस पर राजनीतिक दबाव रहता था, लेकिन अब पुलिस को स्वतंत्र रूप से काम करने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में अब कानून का शासन स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

दुष्कर्म मामले से जुड़े होटल पार्क स्वीट्स को लेकर भी विधायक ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल नगर निगम के ट्रेड लाइसेंस के आधार पर संचालित हो रहा है और इसकी जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने मांग की कि 18 वर्ष से कम उम्र के किसी भी नाबालिग को अभिभावक की अनुमति के बिना होटल में कमरा नहीं दिया जाना चाहिए।

विधायक ने कहा कि राज्य की वर्तमान समस्याएं कई दशकों की विरासत हैं और उन्हें दूर करने में समय लगेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

दूसरी ओर, कांग्रेस ने भाजपा विधायक के बयान को कानून और संविधान की भावना के खिलाफ बताते हुए इसकी आलोचना की है। दुष्कर्म की इस गंभीर घटना को लेकर अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा