home page

अन्नपूर्णा योजना के लिए गांव-गांव भाजपा का शिविर

 | 
अन्नपूर्णा योजना के लिए गांव-गांव भाजपा का शिविर


पूर्व मेदिनीपुर, 24 मई (हि. स.)। जिले के मयना ब्लॉक में भाजपा युवा मोर्चा ने गांव-गांव शिविर लगाकर महिलाओं को अन्नपूर्णा योजना से जोड़ने की पहल शुरू की है। तिलखोजा, गोजिना समेत कई बूथों पर कार्यकर्ता यह जांच कर रहे हैं कि महिलाओं के बैंक खाते डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) से लिंक हैं या नहीं।

शिविरों में महिलाएं आधार कार्ड और मोबाइल नंबर लेकर पहुंच रही हैं। कार्यकर्ता ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए डीबीटी स्टेटस की जांच कर रहे हैं। कई मामलों में कुछ ही मिनटों में लिंक पूरा हो जा रहा है, जबकि कुछ महिलाओं के आधार से मोबाइल नंबर जुड़े नहीं होने की समस्या सामने आ रही है। ऐसे लोगों को बैंक जाकर मोबाइल नंबर अपडेट कराने की सलाह दी जा रही है।

भाजपा युवा मोर्चा का कहना है कि कई महिलाओं को डीबीटी प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी। इसी वजह से 20 मई से 30 मई तक अलग-अलग इलाकों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। संगठन के अनुसार, बुजुर्ग और घर से बाहर नहीं निकल पाने वाली महिलाओं को फोन पर भी पूरी जानकारी दी जा रही है।

रविवार तमलुक संगठनात्मक जिला युवा मोर्चा के महासचिव प्रशांत दास ने कहा कि कई महिलाएं केवल इतना जानती थीं कि डीबीटी लिंक कराना जरूरी है, लेकिन प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी। इसलिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर सहायता कर रहे हैं।

स्थानीय निवासी रानी महतो और सीमा बारुई ने बताया कि उन्होंने खबरों में डीबीटी लिंक की बात सुनी थी, लेकिन तरीका नहीं जानती थीं। शिविर में आकर प्रक्रिया पूरी होने से उन्हें काफी सुविधा मिली।

भाजपा नेताओं का दावा है कि पहले कई महिलाओं की लक्ष्मी भंडार योजना बंद हो गई थी, जिसे आंदोलन और ज्ञापन के बाद फिर शुरू कराया गया। अब अन्नपूर्णा योजना में कोई महिला लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता