बेलदा में करंट लगने से व्यक्ति की मौत
खड़गपुर, 09 जून (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा थाना क्षेत्र के नहपाड़ा गांव में मंगलवार सुबह करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान नवद्वीप दास के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, नवद्वीप दास अपने घर के तालाब से पानी निकालने के लिए टुलु मोटर का उपयोग कर रहे थे। बताया जा रहा है कि सोमवार रात हुई बारिश के कारण तालाब में अधिक पानी भर गया था। इसी पानी को निकालने के दौरान अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से मोटर में करंट आ गया और वह करंट की चपेट में आ गए।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें गंभीर हालत में बेलदा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर बेलदा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए खड़गपुर महकमा अस्पताल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

