आसनसोल को स्मार्ट सिटी बनाने की तैयारी, अवैध पार्किंग पर लगेगा ब्रेक
बर्दवान, 24 मई (हि. स.)। राज्य की नगर विकास एवं शहरी मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अवैध पार्किंग को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि अब पूरे राज्य में इस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रविवार को बर्नपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि शहरों को व्यवस्थित और यातायात अनुकूल बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य और केंद्र सरकार के बीच इस विषय पर चर्चा हुई है और चार नए स्मार्ट सिटी विकसित किए जाएंगे, जिनमें आसनसोल भी शामिल है।
मंत्री ने कहा कि सड़कों के दोनों किनारों पर अवैध तरीके से वाहनों की पार्किंग की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाएगी। अब केवल निर्धारित स्थानों और एक ओर ही पार्किंग की अनुमति होगी। इसके लिए पार्किंग क्षेत्रों का सही तरीके से चिन्हांकन किया जाएगा, जिसमें रंग और विशेष टैग का उपयोग किया जाएगा ताकि लोग आसानी से वैध पार्किंग स्थान पहचान सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि पार्किंग संचालन से जुड़े कर्मचारियों के लिए यूनिफॉर्म अनिवार्य किया जाएगा और पार्किंग स्लिप जारी करने की प्रक्रिया पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। सरकार का उद्देश्य यातायात जाम को कम करना और पारदर्शी व्यवस्था लागू करना है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने बर्नपुर स्थित भारती भवन और प्रांतिक क्लब में आयोजित आयोजनों में भी हिस्सा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

